Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

Lucknow : मुख्यमंत्री ने कारोबारियों और ग्राहकों से संवाद कर नेक्स्ट जेन जी0एस0टी0 रिफॉर्म पर उनकी प्रतिक्रिया जानी

लखनऊ ( DNM DIGITAL):उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां कारोबारियों और ग्राहकों से संवाद कर नेक्स्ट जेन जी0एस0टी0 रिफॉर्म (अगली पीढ़ी के लिए जी0एस0टी0 सुधार) पर उनकी प्रतिक्रिया जानी। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए कहा कि शारदीय नवरात्रि के पहले दिन, 22 सितम्बर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में जी0एस0टी0 की घटी दरें पूरे देश में लागू कर दी गई हैं। जी0एस0टी0 में यह अब तक का सबसे बड़ा रिफॉर्म है। जी0एस0टी0 की दरों में आई कमी आम उपभोक्ताओं को काफी राहत प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कई वस्तुओं और सेवाओं में कर की दरों को पांच प्रतिशत या शून्य कर दिया गया है। कारोबारी व व्यापारी डबल इंजन सरकार द्वारा घटायी गयी जी0एस0टी0 दरों का लाभ रेट लिस्ट लगाकर ग्राहकों को उपलब्ध करा रहे हैं। कीमतों में कमी आने से वस्तुओं की बिक्री में वृद्धि होगी, जिसके परिणामस्वरूप कारोबार और बाजार में मजबूती आयेगी। व्यापारी जी0एस0टी0 की दरों में आयी कमी के विषय मेंं ग्राहकों को स्वयं भी जागरूक करें।
मुख्यमंत्री जी ने दवा विक्रेताओं से जी0एस0टी0 सुधार पर चर्चा करते हुए कहा कि 33 जीवनरक्षक दवाओं पर जीरो जी0एस0टी0 टैक्स का प्राविधान किया गया है। इस सुधार से दवाओं की कीमतों में भी कमी आयेगी। कई अन्य दवाओं पर यह टैक्स घटकर केवल 05 प्रतिशत रह गया है। विद्यार्थियों के उपयोग हेतु नोटबुक, पेंसिल आदि शिक्षण सामग्री पर कर की दर को बारह से घटाकर शून्य प्रतिशत कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नेक्स्ट जेन जी0एस0टी0 रिफॉर्म की धूम पूरे देश में गूंज रही है। देश के सामान्य उपभोक्ता, व्यापारी की एक ही आवाज है कि ‘घटी जी0एस0टी0 मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार’। इस जनसम्पर्क अभियान के दौरान मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न प्रतिष्ठानों के मुख्य द्वारों पर जी0एस0टी0 की घटी दरों के स्टिकर चस्पा किये।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जी0एस0टी0 सुधार प्रधानमंत्री जी की ओर से देशवासियों को दीपावली का उपहार है। जी0एस0टी0 की घटी दरें रोजगार बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी। इन दरों के कम होने से आम उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति बढ़ेगी। क्रय शक्ति बढ़ने से मांग बढ़ेगी। मांग बढ़ने से खपत में वृद्धि होगी, जिसके परिणामस्वरूप उत्पादन बढ़ेगा और उत्पादन बढ़ने से नए रोजगार सृजित हांगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जी0एस0टी0 एक है, लेकिन इसके लाभ अनेक हैं। वर्ष 2017 में ‘वन नेशन वन टैक्स’ की दिशा में कदम बढ़ाते हुए छोटे-बड़े 17 प्रकार के करों को इन्टीग्रेटेड स्वरूप प्रदान कर जी0एस0टी0 प्रणाली लागू की गई थी। जी0एस0टी0 के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था में मजबूती आयी। देश का टैक्स कलेक्शन 07 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 22 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। प्रदेश का जी0एस0टी0 कलेक्शन 01 लाख 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विकसित भारत की आधारशिला के लिए यह रिफॉर्म अत्यन्त आवश्यक था। जी0एस0टी0 रिफॉर्म अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा। क्रय शक्ति बढ़ने से आम ग्राहक उल्लास और उमंग से पर्व-त्योहार मनाएंगे। उन्होंने व्यापक जनहित में जी0एस0टी0 सुधारों के लिए प्रधानमंत्री जी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।