लखनऊ: नए साल की दस्तक के साथ ही कड़ाके की सर्दी का असर भी शुरू हो गया है।। नए वर्ष का स्वागत मौसम ने घने कोहरे और ठंडी हवाओं के साथ किया। मंगलवार सुबह से ही लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, गाजियाबाद में घना कोहरा छाया हुआ है। बर्फीली हवाओं के चलने से गलन भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने भी सात जनवरी तक देशभर के 27 जिलों में घने कोहरे और शीत दिन के लिए चेतावनी जारी की है। वहीं 31 जिलों में कोहरे से सचेत रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
इन जिलों में IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के राज्य स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार सात जनवरी तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, बलरामपुर, गोंडा, श्रावस्ती और बहराइच में घने कोहरे के साथ शीत दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। इसके तहत गाड़ी चलाते समय या फिर घने कोहरे के साथ ठंडी हवाओं के लिए बचाव करने की आवश्यकता है और सावधानी भी बरती जानी चाहिए।
घने कोहरे की चेतावनी
इन जिलों के अलावा गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, जौनपुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके तहत घने कोहरे के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है।
तापमान में पांच से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान लगभग चार डिग्री तक गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर रहा। प्रदेशभर में ठंडी हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान आगरा में 18.8 डिग्री सेल्सियस और अलीगढ़ में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज हुई। सबसे कम तापमान फतेहपुर में पांच डिग्री सेल्सियस और कानपुर नगर में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को लखनऊ और आसपास के जिलों में घने से अत्यधिक घने कोहरे के लिए चेतावनी जारी की गई है। वहीं, शीत दिन की भी प्रदेश भर में आशंका हो सकती है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।