लखनऊ( DNM NEWS AGENCY): उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह तथा प्राविधिक शिक्षा उपभोक्ता संरक्षण एवं बाट माप मंत्री आशीष पटेल के नेतृत्व में निवेश की संभावनाओं को तलाशनें जापान की राजधानी टोकियो गये प्रतिनिधि मण्डल ने आज टोकियो में रोड-शो के माध्यम से वहॉ के जाने-माने औद्योगिक घरानों एवं निवेशकों से उ0प्र0 में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इस प्रतिनिधि मण्डल के साथ प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव एमएसएमई विभाग अमित मोहन प्रसाद तथा यीडा के सी0ई0ओ0 श्री अरूणवीर सिंह भी शामिल थे।
रोड-शो के दौरान दोनों मंत्रियों ने विभिन्न सेक्टर में कार्य कर रही जापान की कम्पनियों के प्रतिनिधियों से विस्तार से विचार विमर्श किया। मंत्रियों ने अवगत कराया कि उ0प्र0 की सरकार ने विगत लगभग 05 वर्ष 09 माह के कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करते हुए औद्योगिक गतिविधियों को तेज किया है। उ0प्र0 एक उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरे देश में नम्बर-01 बनी हुई है। इसके अलावा देश का सर्वाधिक आबादी वाला प्रदेश होने के कारण कम्पनियों के लिए एक बहुत बड़ा बाजार भी है। जयवीर सिंह ने बताया कि उ0प्र0 में पर्यटन की दृष्टि से विश्वस्तरीय स्थल मौजूद हैं। यहॉ विदेशी पर्यटकों की रुचि के अनुसार आवश्यक सुविधायें उपलब्ध हैं। जापान के पर्यटक इन सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
मंत्रियों ने यह भी अवगत कराया कि उ0प्र0 में रेल, वायु, सड़क तथा एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाया गया है। इसके साथ ही विश्व स्तरीय अवस्थापना सुविधायें सृजित की गई हैं। जो राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय औद्योगिक घरानों के लिए अनुकूल हैं। इसके अलावा औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगभग 22 नीतियॉ तैयार कराई गयी हैं। जिसके माध्यम से व्यवसायिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को स्थायित्व प्रदान करने के लिए उपयोगी हैं। जयवीर सिंह ने बताया कि उ0प्र0 सरकार ने नई पर्यटन नीति-2022 जारी किया है। जिसके माध्यम से निवेशकों के सहूलियत के लिए प्राविधान बनाये गये हैं। उन्होंने औद्योगिक घरानों से अपील किया कि एक बार उ0प्र0 में अवश्य आयें, बदले परिवेश में नया उ0प्र0 उनके स्वागत के लिए तैयार है।
जयवीर सिंह ने कहा कि उ0प्र0 के मुख्यमंत्री योगी जी के नेतृत्व में उ0प्र0 लगातार आगे बढ़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था में उ0प्र0 का योगदान लगातार बढ़ रहा है। इसलिए दुनियाभर के निवेशक उ0प्र0 में निवेश करने के लिए रुचि ले रहे हैं। इसके अलावा श्री जयवीर सिंह ने श्री मनोज कुमार मोहतानी, सीईओ एशिया इण्डस्ट्रीज से मेडिकल वेस्ट एवं खतरनाक कचरा प्रबंधन के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि खतरनाक कूड़ा-कचरा प्रबंधन आज के लिए गम्भीर समस्या बनता जा रहा है। इसलिए इसके प्रबंधन के लिए समय रहते कदम उठाना जरूरी है। श्री मोहतानी ने इस क्षेत्र में हर सहयोग देने का आश्वासन दिया। इसके पूर्व कल राजदूत सीबी जार्ज ने टोकियो में जयवीर सिंह एवं आशीष पटेल के सम्मान में भोज का आयोजन किया।




