देश में कोविड-19 संक्रमण के खिलाफ टीकाकरण अभियान जोरो पर हैं। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर बताया कि 15 से 18 आयु वर्ग के एक करोड़ से अधिक बच्चों को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज दी जा चुकी हैं। पिछली तीन जनवरी 2022 के देश में कोरोना के खिलाफ जंग में 15 से 18 आयुवर्ग का टीकाकरण शुरू हुआ था। बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए ये अभियान शुरू किया गया है। यूपी, गुजरात, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, केरल के अलावा कई राज्यों में बच्चों का टीकाकरण तेजी से जारी है। बच्चों के टीकाकरण के लिए देश में एक जनवरी से रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया था। शुरुआती दौर में ही 15 से 18 साल की उम्र के 12 लाख से ज्यादा बच्चों ने टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। टीके के लिए रजिस्ट्रेशन कोविन पोर्टल पर अभी भी जारी हैं। इसके अलावा बच्चे सीधे टीका केंद्र जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं और उन्हें तुरंत टीका भी लगाया जाएगा।




