मथुरा : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर संत समाज के साथ बैठक भी की है। इस बैठक में अमित शाह ने विरोधी राजनीतिक दलों पर सीधे तीर चलाए। उन्होंने कहा कि जब यूपी में आजम खान और बाहुबली मुख्तार अंसारी पर शिकंजा कसा गया तो सीधे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के पेट में दर्द होने लगा। श्रीजी वाटिका में संत समाज के साथ बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं यहां 2022 के यूपी इलेक्शन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करने आया हूंं। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण छोटी मीटिंग की आचार संहिता बनाई गई है, इसलिए ऐसी संवाद करने की योजना बनी। उन्होंने कहा कि मथुरा, वृन्दावन और गोवर्धन देश भर के लोगों के लिए श्रद्धा का केंद्र हैंं। कान्हा को श्री कृष्ण बनाने वाला क्षेत्र यही है। अत्याचारी कंस का वध भी यहीं हुआ। सारे असुरों का संहार कर धर्म की स्थापना की गई। गोवर्धन रोड स्थित श्रीजी बाबा विद्या आश्रम में आयोजित भारतीय जनता पार्टी मथुरा की संगठनात्मक एवं प्रभावी मतदाता बैठक में गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। यहां उन्होंने प्रदेश में मोदी-योगी सरकार के विकास कार्यों को गिनाया। वहीं सपा-बसपा और कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। बैठक में मौजूद पदाधिकारी और कार्यकओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब अखिलेश का शासन था तब गुंडाराज था, भाजपा के शासन में विकास हुआ।



