Breaking उन्नाव

Unnao : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा 5 लोगों की मौत*

उन्नाव ( रामा शंकर वर्मा ,संवाददाता ): उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे एक स्लीपर बस और अर्टिगा कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। स्लीपर बस हरियाणा से बिहार जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस बेकाबू होकर पहले अर्टिगा कार को टक्कर मारी और फिर एक्सप्रेसवे से नीचे गिरकर पलट गई।

हादसे में 5 लोगों की मौत
इस हादसे में कार सवार दो बच्चों समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही चार बस यात्री भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लोगों को बचाने का काम शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए बांगरमऊ के सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

बस में कुल 70 लोग सवार थे
बांगरमऊ के सीओ हर्ष मोदी ने बताया कि बस में कुल 70 और कार में 9 लोग सवार थे। सीओ ने बताया कि शुरूआती जांच में पता चला है कि बस ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिस वजह से यह हादसा हुआ। यह हादसा उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस मामले की जांच कर रही
पुलिस ने बताया कि स्लीपर बस हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही थी। बस अनियंत्रित होकर अर्टिगा कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दिव्या (06), अंजू (40), अमृता (13), धुनमुन (60) और ड्राइवर विनोद (45) की मौत हो गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।