Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

Lucknow : 10-15 फरवरी तक दुनिया भर में सुर्खियों में रहेगा यूपी, दो वैश्विक कार्यक्रमों से बनेगा रिकॉर्ड

लखनऊ: उत्तर प्रदेश 10 से 15 फरवरी तक देश ही नहीं दुनिया भर में भी सुर्खियों में होगा। इस दौरान 10 से 12 फरवरी तक ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 और 11 व 12 फरवरी को जी-20 समिट की आगरा बैठक जैसे दो बड़े आयोजन कर प्रदेश रिकॉर्ड बनाएगा। वहीं, 13 से 15 फरवरी तक लखनऊ में जी-20 समिट की डिजिटल इकोनॉमी वर्किंग ग्रुप की बैठक होगी। इसमें 19 देशों के 150 से अधिक मेहमान आएंगे। ऐसे में इन आयोजनों से जुड़े अधिकारियों की परेशानी बढ़ गई है। राज्य सरकार का पूरा फोकस जीआईएस-2023 में 20 लाख करोड़ से अधिक का निवेश जुटाकर कीर्तिमान स्थापित करने का है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी जी-20 की मेजबानी को निभाना भी राज्य सरकार के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है।दरअसल, केंद्र सरकार ने पहले जी-20 समिट की आगरा बैठक के लिए 8-9 फरवरी की तारीख निर्धारित किया था। हालांकि बाद में इसे बदलकर 11-12 फरवरी कर दिया गया।
उधर, योगी सरकार ने 10 से 12 फरवरी तक लखनऊ में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन रखा है। जी-20 और जीआईएस दोनों के आयोजन में नगर विकास, गृह, सूचना एवं प्रौद्योगिकी सहित सभी विभागों की कोई न कोई भूमिका है। सरकार के मंत्री और शासन के आला अफसरों के पास भी दोनों आयोजन की जिम्मेदारी है। पर, दोनों आयोजन एक ही साथ होने से अफसरों और कर्मचारियों की परेशानी बढ़ी हुई है।

लखनऊ में छह दिन अलग होगी रौनक

लखनऊ में 10 से 15 फरवरी तक अलग ही रौनक रहेगी। इस दौरान लखनऊ के प्रवेश द्वारों से लेकर प्रमुख मार्ग, बाजार, सरकारी भवन और चौराहों पर आकर्षक रोशनी होगी। होर्डिंग लगेंगे और फूलों से सजाया जाएगा। 10 से 12 फरवरी तक लखनऊ में जीआईएस में डेढ़ दर्जन से अधिक देशों के उद्यमी, निवेशकों और भारतीय औद्योगिक जगत की हस्तियां मौजूद रहेंगी। वहीं, 13 से 15 फरवरी तक जी-20 समिट की डिजिटल इकोनॉमी वर्किंग ग्रुप की बैठक में 19 देशों के 150 से अधिक मेहमान आएंगे।