Breaking गौंडा

Gonda : ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों को कड़ा संदेश, गोण्डा पुलिस का अभियान जारी; नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई

गोण्डा ( वीरेन्द्र कुमार, संवाददाता): जनपद में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारु एवं ध्वनि प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से गोण्डा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अवैध प्रेशर हॉर्न, अनाधिकृत हूटर तथा मॉडीफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने विभिन्न वाहनों से 16 मॉडीफाइड साइलेंसर, 26 प्रेशर हॉर्न और 10 अनाधिकृत हूटर हटवाए थे। शुक्रवार को इन सभी अवैध उपकरणों का नियमानुसार विनिष्टीकरण (नष्ट) कराया गया। पुलिस का कहना है कि मॉडीफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न से निकलने वाली तेज आवाज ध्वनि प्रदूषण को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए असुविधा का कारण बनती है, जबकि अनाधिकृत हूटर का प्रयोग यातायात नियमों का उल्लंघन है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में ऐसे वाहनों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध उपकरणों का प्रयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।