सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्राचीन मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद रविवार सुबह 8 बजे मलबा हटाने के दौरान जमीन के नीचे एक कुआं मिलने से मौके पर मौजूद लोगों में कौतूहल पैदा हो गया। बताया जा रहा है कि कुएं की गहराई करीब 20 फीट और चौड़ाई लगभग डेढ़ मीटर है। मौके पर मलबा हटाने के दौरान कुएं के ऊपर एक मजबूत और भारी स्लैब बना हुआ मिला। स्लैब को हटाने के लिए पोकलैंड मशीन मंगाई गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद मशीन से स्लैब को तोड़ा नहीं जा सका। इसके बाद कटर की मदद से स्लैब को काटा गया। स्लैब हटने के बाद उसके नीचे कुआं दिखाई दिया। कुआं मिलने के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थिति का जायजा लिया। कुएं की संरचना और उसके निर्माण को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, कुएं की वास्तविक स्थिति, निर्माण काल और उपयोग को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से निरीक्षण के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।




