लखनऊ ( अमित श्रीवास्तव ,विशेष संवाददाता ):शहर के प्रतिष्ठित श्री रामस्वरूप मेमोरियल पब्लिक स्कूल (SRMPS) ने शुक्रवार को अपनी अंतर-विद्यालयीय संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता ‘सोनाटा 2026’ का भव्य आयोजन किया। “Every Emotion Has a Story” (हर भावना की अपनी एक कहानी है) थीम पर आधारित इस आयोजन के साथ विद्यालय ने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता के 21 वर्षों का उत्सव मनाया।
विद्यालय के श्रद्धेय संस्थापक एवं अध्यक्ष स्वर्गीय श्री लक्ष्मी नारायण अग्रवाल जी के आशीर्वाद और उनके दूरदर्शी विचारों से प्रेरित इस कार्यक्रम में कला, संस्कृति और भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर लखनऊ के विधायक श्री योगेश शुक्ला जी, भातखंडे विश्वविद्यालय की डीन डॉ. सृष्टि माथुर और सोसायटी के सदस्य डॉ. भारतेन्दु अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
‘मिशन जिंदगी’ बना विशेष आकर्षण
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण ‘मिशन जिंदगी’ रहा, जिसे भारत का पहला महिला बैंड बताया जाता है। बैंड की उपस्थिति ने संगीत के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, रचनात्मक अभिव्यक्ति और महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रेरणादायक संदेश दिया।
30 स्कूलों के 750 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा
इस भव्य आयोजन में शहर के 30 विद्यालयों के 750 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और कलात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक शानदार मंच मिला।
विद्यालय की निदेशक सुश्री श्रुति अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या सुश्री अनुपमा वर्मा ने सभी सहभागी विद्यालयों, अतिथियों, निर्णायकों और आयोजन दल के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सोनाटा 2026 ने समग्र शिक्षा के प्रति SRMPS की प्रतिबद्धता तथा ‘ए मॉडर्न गुरुकुल’ की परिकल्पना को पुनः सुदृढ़ किया है। विद्यालय का ध्येय वाक्य “Nurturing Excellence, Inspiring Futures” विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संकल्प को प्रतिबिंबित करता है।





