Breaking

मुख्यमंत्री ने 295 करोड़ से अधिक की लागत वाली 319 परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास

 

गोरखपुर ( DNM NETWORK):  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह धरा मां सरयू के आंचल में है। यहां का नौजवान जहां भी गया,अपनी प्रतिभा व परिश्रम का लोहा मनवाया है।एक समय बाढ़ की त्रासदी और कनेक्टिविटी के अभाव में क्षेत्र के लोग पलायन करते थे।आजीविका के लिए लोगों को विदेश जाना पड़ता था,लेकिन अब यहां के नौजवान को बाहर नहीं जाना होगा।उसे यहीं रोजगार के ढेर सारे अवसर मिलेंगे।अब आपके द्वारा चुने गए विधायक-सांसद डबल इंजन सरकार की ताकत का इस्तेमाल करते हुए विदेशों के लोगों को चिल्लूपार में काम करने का अवसर देने जा रहे हैं।विदेशी लोग आकर आपके यहां चाकरी करेंगे।मुख्यमंत्री ने गांधी इंटर कॉलेज, महुआपार बड़हलगंज में आयोजित कार्यक्रम में 295 करोड़ से अधिक की लागत वाली 319 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।सीएम ने विश्वास जताया कि विकास और विरासत की यात्रा के साथ चिल्लूपारवासी बिना रुके, डिगे, झुके, डरे निरंतर आगे बढ़ेंगे।

हमारे यहां काम बंद नहीं हुआ और अमेरिका में महंगाई चार गुना हो गई है
सीएम योगी ने कहा कि हम लोगों ने धुरियापार में बंद पड़ी चीनी मिल की खाली जमीन पर सीएनजी का प्लांट लगवाया। अमेरिका-ईरान के युद्ध के कारण दुनिया में संकट है लेकिन सीएनजी-एथेनॉल के कारण हमारे यहां काम बंद नहीं है। ऊर्जा में आत्मनिर्भर अमेरिका में भी महंगाई चार गुना हो गई है। वहां 100 रुपये की वस्तु 400 रुपये में मिल रही है, लेकिन भारत में महंगाई नियंत्रित है।

धुरियापार में लगने जा रही सीमेंट की फैक्ट्री
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत गरीबों का कल्याण, विकास योजना, सुरक्षा का बेहतरीन माहौल देते हुए माफिया को मिट्टी में भी मिलाता है। उन्होंने कहा कि एक समय रामजानकी मार्ग पर आवागमन ठप होता था। उपचार के लिए लखनऊ जाने को मजबूर होना पड़ता था। कनेक्टिविटी, रोडवेज बस व अन्य साधन तक नहीं थे। जैसे-तैसे व्यवस्था चल पाती थी, लेकिन आज कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। सीएम ने कहा कि 2017 के पहले कोई सोचता था कि धुरियापार में इंडियन ऑयल का सीएनजी प्लांट लगेगा या सहजनवां का गीडा धुरियापार में आ पाएगा। हम यहां ग्रेटर गीडा बनाने जा रहे हैं। अभी से हजारों करोड़ रुपये के प्रस्ताव आ गए हैं। जिन्हें हमें उद्योग के रूप में स्थापित करना है। इसमें सीमेंट की फैक्ट्री धुरियापार में लगने जा रही है। पावर प्लांट,आधुनिक पेंट व अत्याधुनिक डिस्टलरी (जहां मॉडर्न मेडिसिन, एलोपैथ की दवा) भी बनेगी। यहां भारी पैमाने पर निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं।सीएम ने कहा कि विधायक राजेश त्रिपाठी जितना भी प्रस्ताव देंगे, सरकार उसे स्वीकृत करेगी।यहां की पीड़ा को मैंने नजदीक से देखा है। यहां के नौजवानों ने मेरे साथ कार्य किया है। राजेश त्रिपाठी ने यहां होमियोपैथिक कॉलेज स्वीकृत कराया था, उस समय काम बढ़ा, लेकिन सपा सरकार ने आते ही काम रोक दिया। जिन लोगों को उस समय चुनकर भेजा था, उन लोगों ने कान में तेल डालकर इसे अनसुना कर दिया था। 2017 में सरकार आने पर राजेश जी इस काम के लिए रोज मिलते थे। आज इस विधानसभा क्षेत्र में आयुष के डॉक्टर बन रहे हैं।

ट्रेडिशनल मेडिसिन का नया केंद्र बन रहा चिल्लूपार
सीएम ने कहा कि चिल्लूपार ट्रेडिशनल मेडिसिन का नया केंद्र बन रहा है। मैंने जलशक्ति मंत्री से कहा है कि बाढ़ बचाव के लिए जो भी प्रस्ताव आएंगे, उन समस्याओं का समाधान होना चाहिए। सीएम ने सड़क आदि कनेक्टिविटी पर भी जोर दिया। कहा कि कनेक्टिविटी जितना फास्ट होगी, प्रगति उतनी तेज गति से बढ़ेगी। प्रगति होगी तो नौजवान को पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने क्षेत्र में नौकरी व रोजगार मिलेगा, यही देश में डबल इंजन सरकार के कार्यों की पहचान है। सीएम ने कहा कि गीडा यहीं पर आ रहा है, विकास भी होगा, नौजवान को बाहर नहीं जाना होगा। यहां के नागरिकों के लिए रोजगार के ढेर सारे अवसर बढ़ेंगे।

बहुत अच्छी है चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से कनेक्टिविटी
सीएम योगी ने कहा कि चिल्लूपार अब विकास की प्रक्रिया से जुड़ा है। एक तरफ लखनऊ को जोड़ने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का लिंक एक्सप्रेसवे तो दूसरी तरफ गोरखपुर-वाराणसी को जोड़ने वाला फोरलेन का एनएच है। इस विधानसभा क्षेत्र से कनेक्टिविटी बहुत अच्छी है। यहां से तीन घंटे में लखनऊ, दो घंटे में वाराणसी, आधे-पौन घंटे में गोरखपुर पहुंच जाएंगे।

सांसद कमलेश पासवान व विधायक राजेश त्रिपाठी ने विकास की प्रक्रिया को तेज किया
मुख्यमंत्री ने आमजन के हौसले को भी सलाम किया, कहा कि आपके उत्साह को देखते हुए आंधी-तूफान भी थम गया। कल्याण चाहने वालों को डबल इंजन सरकार के साथ चलना होगा। सीएम ने केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के विभागों के कार्यों का भी जिक्र किया। कहा कि सांसद कमलेश पासवान व विधायक राजेश त्रिपाठी ने मिलकर विकास की प्रक्रिया को तेज किया। विकास की हर योजना चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में आ रही है। यह क्षेत्र अब विकास से वंचित नहीं रहेगा। विकास की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़े, यही यूपी की पहचान है।

कमल के फूल पर वोट देते हैं तो पीढ़ी दर पीढ़ी तर जाती है
सीएम ने कहाकि आप कमल के फूल पर वोट देते हैं तो पीढ़ी दर पीढ़ी तर जाती है। 500 वर्ष पहले जिस अयोध्या धाम में हम सभी अपमानित हुए थे, वहां लगातार आंदोलन चलता रहा। संघर्ष का सिलसिला थमा नहीं, लेकिन जब मोदी जी पीएम बने और यूपी में डबल इंजन सरकार आई तो अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन गया।सीएम ने कटाक्ष किया कि यह काम कांग्रेस या सपा नहीं कर पाती।
सीएम ने कहा कि जो लोग आस्था-महापुरुषों को सम्मान,विकास की योजनाएं, नौजवान को रोजगार,उद्योग-धंधे नहीं ला सकते, बेटी-बहन को सुरक्षा, बाढ़ की समस्या का समाधान और सड़कों का निर्माण नहीं कर सकते तो ऐसे लोगों को नहीं चुनना चाहिए। जब गलत व्यक्ति को चुनते हैं तो अपने ऊपर बोझ व कलंक का ठप्पा लगाते हैं।उत्तर प्रदेश के साथ यही होता था, गलत लोग चुनकर जाते थे तो जनता का पैसा कुछ लोगों के ही विकास में लगता था।नौकरी में सेंध लगती थी।नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी। पैसे का लेनदेन शुरू हो जाता था। ठेके पट्टे के लिए मारपीट होने लगती थी। जब विधायक ही स्वयं ठेका करेगा तो क्या होगा,यह बताने की आवश्यकता नहीं।
सीएम ने कहा कि पुलिस भर्ती में चिल्लूपार और गोरखपुर के भी लगभग 800 से अधिक नौजवान भर्ती हुए थे। आज सरकारी सेवाओं में गोला, बड़हलगंज, गगहा, बांसगांव, खजनी, सिकरीगंज, चौरीचौरा, पिपरौली, सहजनवा, पाली से भी नौजवानों का चयन होता है। जब मैं सांसद था तो उन नौजवानों की उम 12 से 15 साल के आसपास रही होगी। सांसद के रूप में गांव-गांव जाकर परिवार के सदस्यों से संपर्क करता था। 9 वर्ष से पूरे प्रदेश की सेवा में लगने के कारण उतना समय नहीं दे पाता। नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान युवाओं से गांव, परिवार और मां-पिता का नाम पूछता हूं तो उनकी पीठ थपथपाकर चयन की बधाई भी देता हूं। 2017 के पहले यह संभव नहीं था क्योंकि चाचा- भतीजे की जोड़ी आपके हक पर डकैती डालती थी, वसूली होती थी और होनहारों का चयन नहीं होता था।

2017 के पहले चिल्लूपार, मऊ, आजमगढ़ के नाम पर नहीं मिलती थी नौकरी
सीएम ने कटाक्ष किया कि 2017 के पहले युवा नौकरी व रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाता था तो पहचान का संकट होता था। लोग चिल्लूपार, आजमगढ़, मऊ के नाम पर नौकरी नहीं देते थे। किसी उद्योग में काम करने गए तो योग्यता होने पर भी यूपी का नाम सुनकर लोग कहते थे कि वहां का साया न पड़ने पाए। उस समय यहां दंगा, कर्फ्यू, अव्यवस्था, माफियागिरी, अराजकता थी। सीएम ने कहा कि आज लोग यूपी से बाहर जाकर बताएंगे कि गोरखपुर-चिल्लूपार से आए हैं तो सामने वाला 10 कदम आगे आकर गले मिलेगा। यह विकास की यात्रा की नई पहचान है।हम विकास, सुरक्षा और आस्था का सम्मान करेंगे।सीएम ने कहा कि हम विकास, सुरक्षा, आस्था का सम्मान करेंगे और समृद्धि की नई ऊंचाई की ओर लेकर जाएंगे। हम वहां ऐसे संस्थान खोलेंगे,जहां उद्योग के लिए युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा और उद्योग में नौकरी भी मिलेगी।हम यहीं ट्रेंड मैनपावर,बेटियों को नौकरी उपलब्ध कराएंगे।बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। सीएम ने कहाकि विकास और अर्थव्यवस्था को गति तभी मिलेगी,जब अच्छी सरकारें होंगी और सुरक्षा-सुशासन का माहौल होगा।सीएम ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में सोमवती अमावस्या से पहले मिली सौगात है। विकास का अन्य विकल्प नहीं होगा। जब अच्छे लोग चुनकर गए, तभी अच्छी सरकारें आईं और अयोध्या में राम मंदिर बना। रामजानकी मार्ग का निर्माण हो रहा है। काशी विश्वनाथ धाम, गोरखपुर में फर्टिलाइजर व एम्स का निर्माण पूरा हो गया है।चिल्लूपार, बड़हलगंज में मेडिकल कॉलेज,धुरियापार में ग्रेटर गीडा का निर्माण करते हुए तेजी से विकास की गति बढ़ाई गई।अच्छे जनप्रतिनिधि गति को बढ़ाने के लिए प्लेटफॉर्म, अच्छी सड़क, सुविधा और व्यवस्था को तेज करने के लिए मौका देंगे,आगे चलने की तैयारी आपको स्वयं करनी पड़ेगी।अपने नेतृत्व के साथ मिलकर स्पीड को बढ़ाएंगे तो विकास की कोई ताकत रोक नहीं पाएगी।
चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री व बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान,उप्र के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह,मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद,विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह,जिला पंचायत अध्य़क्ष साधना सिंह, विधायक श्रीराम चौहान,प्रदीप शुक्ल, महेंद्र पाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, फतेह बहादुर सिंह, सरवन निषाद,भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी,महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्य़क्ष अस्मिता चंद आदि की मौजूदगी रही।