समाजवादी पार्टी महानगर अयोध्या का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ सपा नेता तेजनारायण पांडे ‘पवन’ के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी से मिला और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या विधानसभा के भाग संख्या 222 एवं भाग संख्या 8 में मतदाता सूची से जुड़ी अनियमितताओं की शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।महानगर प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि भाग संख्या 222, मतदान स्थल भौतिक भवन डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में लगभग 150 मतदाताओं के फार्म-6 बीएलओ गीता को जमा कराए गए थे, लेकिन अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने पर इन सभी मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं पाए गए। इस संबंध में पूर्व में एसडीएम सदर से भी शिकायत की गई थी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर सभी साक्ष्यों के साथ शिकायत दर्ज कराई।इसके साथ ही भाग संख्या 8 में एक ही व्यक्ति का नाम दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज होने का मामला भी जिलाधिकारी के समक्ष उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की अनियमितताएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं।जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महासचिव हामिद जाफर मीसम, प्रदेश सचिव राम अचल यादव, उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव, राकेश पांडे, संजय सिंह, मंसूर इलाही एडवोकेट, अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय महासचिव शावेज जाफरी एडवोकेट, वीरेंद्र गौतम, राम प्रकाश यादव, अपर्णा जायसवाल, अजय यादव सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।




