लखीमपुर खीरी ( सुरजीत चानी,संवाददाता ): लखीमपुर खीरी से पुलिस महकमे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मैगलगंज थाने में दोमुंहे सांप की तस्करी के मामले में पुलिसकर्मियों पर बड़ा एक्शन हुआ है। मामले में थाना प्रभारी यानी SHO समेत कुल 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इतना ही नहीं, सभी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिसकर्मियों पर लाखों रुपये की वसूली के आरोप लगे हैं।
पूरा मामला लखीमपुर खीरी के मैगलगंज थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि दोमुंहे सांप की तस्करी से जुड़े मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों पर वसूली करने के आरोप सामने आए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कार्रवाई करते हुए मैगलगंज थाने के SHO समेत 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि दोमुंहे सांप की तस्करी के मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका क्या थी और कथित वसूली किस स्तर पर हुई। फिलहाल SHO समेत 8 पुलिसकर्मियों के निलंबन और मुकदमा दर्ज होने के बाद मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।



