Breaking उत्तर प्रदेश लखनऊ

Lucknow : मुख्यमंत्री ने उ0प्र0 लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उ0प्र0 सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 के सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि गति को प्रगति की ओर वही ले जा सकता है, जिसका चयन ईमानदारी से हुआ हो और जिसने अपने परिश्रम से अपना स्थान प्राप्त किया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा मार्च, 2026 में घोषित हुए परिणाम में 21 विभागों के 932 पदों पर पारदर्शी चयन के उपरान्त आज नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है। आज वह सब उत्तर प्रदेश सरकार का हिस्सा बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने भर्ती की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता व शुचितापूर्ण तरीके से सम्पन्न किया है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां लोक भवन सभागार में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 के अन्तर्गत 21 विभागों में विभिन्न पदों पर चयनित 932 अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि परिश्रम व्यक्ति को सफलता की ऊंचाई तक पहुंचाता है। जब परिश्रम एक ईमानदार व्यवस्था से जुड़ता हो, तो अच्छे परिणाम आते हैं। नियुक्ति पत्र के रूप में यह परिणाम दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में कार्य करना गौरव की बात है। मुख्यमंत्री जी ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि सभी नवचयनित अधिकारी उत्तर प्रदेश के विकास तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में पूरी तत्परता से अपना योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री जी ने नवचयनित अधिकारियों व उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सरकार की व्यवस्था और कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए यह भर्ती आयोगों एवं बोर्ड की कार्यपद्धति का हिस्सा है। नवचयनित 932 अधिकारियों में डिप्टी कलेक्टर के 37, डिप्टी एस0पी0 के 17, सहायक आयुक्त वाणिज्य कर के 196 व सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी के 16, कोषाधिकारी के 22, जिला कमाण्डेण्ट होमगॉर्ड के 02, कारागार अधीक्षक का 01 पद शामिल हैं।
इसके साथ ही, सहायक आयुक्त, उद्योग के 18, कार्य अधिकारी के 23, खण्ड विकास अधिकारी के 72, जिला समाज कल्याण अधिकारी के 09, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी का 01, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के 05, वाणिज्य कर अधिकारी के 142, जिला खाद्य विपणन अधिकारी के 02, नायब तहसीलदार के 258, उप कारापाल के 60, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के 04, उप निबन्धक के 40, उत्तर प्रदेश कृषि सेवा समूह ‘ख‘ सांख्यिकी अधिकारी के 03, सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान श्रेणी-2 के 01, व्यवस्थापक, राज्य सम्पत्ति विभाग के 02 तथा सहायक निदेशक, उद्योग के 01 पद पर सफलतापूर्वक अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यदि भर्ती की प्रक्रिया पारदर्शी और शुचितापूर्ण न हो, तो जिन लोगों का चयन होगा, उनसे ईमानदारीपूर्वक परिणाम देने तथा प्रदेश की गति को प्रगति व समृद्धि की नयी ऊंचाईयों पर पहुंचाने की अपेक्षा किया जाना गलत होगा। जिनका चयन सिफारिश और पैसा देकर हुआ होगा, वह प्रगति नहीं, बल्कि दुर्गति की ओर ले जाएगा। वर्ष 2017 से पूर्व, उत्तर प्रदेश में यही होता था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ईश्वर की असीम कृपा का राज्य है। यह प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है। यह दुनिया की सबसे उर्वरा भूमि तथा सबसे अच्छे जल संसाधन वाला राज्य है। यहां देश और दुनिया का सबसे अच्छा एम0एस0एम0ई0 बेस मौजूद है। एक समय सर्वाधिक युवा आबादी वाला यह राज्य बीमारू हो गया था। पहचान के संकट से जूझ रहा था। आपकी पीढ़ी सौभाग्यशाली है। जब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की पहचान से उबरा, उस समय आपकी आयु लगभग 10-15 वर्ष रही होगी। आपकी पीढ़ी को नकलविहीन परीक्षा देने का अवसर प्राप्त हुआ। स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं तक और इस चयन प्रक्रिया में आपको पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण व्यवस्था देखने को मिली है। इसी प्रक्रिया के तहत आज विभिन्न विभागों के 932 अधिकारी प्राप्त हो रहे हैं। वर्ष 2017 के पहले यह सम्भव नहीं था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विभागीय मंत्रिगण के रूप में हमारे पास वह टीम मौजूद है, जो प्रधानमंत्री जी के विजन को अपने-अपने विभागों में क्रियान्वित करती है। इसी विजन को लागू करने के तंत्र के रूप में आप सभी नवचयनित अधिकारियों को कार्य करना है। अभी आपका प्रशिक्षण होगा, जिसके उपरान्त राज्य के विकास में आप योगदान देंगे। विगत 09 वर्षों में हमने 09 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। लोकतंत्र में अच्छी सरकार का यही लाभ है। यदि अच्छी सरकार नहीं होती, तो इतनी बड़ी संख्या में नौजवानों को सरकारी नौकरी नहीं मिलती।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति को हमने अलग-अलग क्षेत्रों में नौकरी व रोजगार की सम्भावनाओं से जोड़ा है। यदि हमने इन युवाओं की प्रतिभा का लाभ नहीं लिया होता, तो उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से उबारकर भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में प्रस्तुत नहीं कर पाते। जब यहां के युवाओं को प्रदेश में कार्य नहीं मिलता और वे पलायन कर जाते, तो प्रदेश के विकास में योगदान कौन करता। केवल सरकार के योजना बना देने से ही परिणाम नहीं आते। अलग-अलग प्रशासनिक विभाग शासन की योजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक क्रियान्वित करते हैं। यह विभाग योजनाओं के लाभ को अन्तिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। तब परिणाम आते हैं। वर्ष 2017 से पहले यह एक सपना था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। सबसे अच्छी उर्वरा भूमि वाले प्रदेश के किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे। सबसे अच्छे एम0एस0एम0ई0 बेस वाले राज्य के कारीगर हताश व निराश थे। उत्तर प्रदेश की विगत 09 वर्षों की यात्रा बहुत शानदार है। हमारे सामने अनेक चुनौतियां थी, लेकिन हमने उनका मजबूती के साथ मुकाबला किया। टीम भावना के साथ कार्य करते हुए परिणाम लाए गये। विगत 09 वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता मिली है। इस दौरान प्रति व्यक्ति आय भी तीन गुना हुई है।
अब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना है तथा भारत के विकास में अग्रिम भूमिका का निर्वहन कर रहा है। हमने उत्तर प्रदेश को बॉटम-थ्री से टॉप-थ्री राज्यों में पहुंचाया है। उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से उबरा है। अब उत्तर प्रदेश के लोगों को कहीं भी अपनी पहचान बताने में संकोच नहीं होता, बल्कि उनके चेहरे पर एक चमक होती है। यह चमक उत्तर प्रदेश की सफलता की चमक है। उत्तर प्रदेश की सफलता को नयी ऊंचाईयों तक पहुंचाने में आप सभी नवचयनित अधिकारियों को मिलकर कार्य करना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था में जो भी अधिकारी उत्तर प्रदेश में कार्य कर लेगा, उसके लिए कहीं भी कार्य करना आसान होगा। जो उत्तर प्रदेश में सफल है, वह कहीं भी सफल हो सकता है। उत्तर प्रदेश की आबादी लगभग 25 करोड़ है। यह सम और विषम परिस्थितियों में कार्य करते हुए परिणाम देने वाला राज्य है। ऐसे राज्य में अलग-अलग विभागों में कार्य करने का अवसर सभी नवचयनित अधिकारियों को प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नवचयनित अधिकारियों के प्रशिक्षण के उपरान्त उन्हें फील्ड में कार्य करने का अवसर मिलेगा। आपकी सफलता प्रदेश की सफलता का आधार भी बननी चाहिए। जिस पारदर्शी तरीके से आपका चयन हुआ है, शासन भी आपसे पूरे सेवाकाल में उसी पारदर्शिता व शुचितापूर्ण व्यवहार तथा कार्यपद्धति की अपेक्षा करता है। जो कार्य आज करना है, उसे आज ही करने की आदत विकसित करनी होगी। सेवाकाल के पहले 10 वर्षों में आप जितनी मेहनत कर लेंगे, वह आपकी 30-35 वर्षों की सेवा अवधि तथा उसके बाद के जीवन के लिए पुख्ता नींव के समान होगी।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए हमें विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना होगा। विकसित उत्तर प्रदेश के लिए विकसित परिवार तथा विकसित परिवार के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचना चाहिए। इस कार्य में आप सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ करना होगा।
उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज सभी अभ्यर्थियों के जीवन का एक बड़ा स्वप्न साकार हुआ है। यह बहुत खुशी का दिन है। उत्तर प्रदेश के लोगों में किसी भी प्रकार के लक्ष्य को प्राप्त करने की क्षमता है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विगत 09 वर्षों में प्रत्येक क्षेत्र में परिवर्तन हुए हैं। यहां विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण हुआ है। विद्युत की सुचारू आपूर्ति हो रही है। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में 09 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। रोजगार मेलों के माध्यम से भी बड़े पैमाने पर लोगों को सेवायोजित किया गया है। मुख्यमंत्री जी के कार्यकाल में बड़े पैमाने पर क्षमता एवं योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से नौकरी दी जा रही है। आज नवचयनित अभ्यर्थियों के नये जीवन की शुरूआत हो रही है।