तीन दिन पहले जसराना थाना क्षेत्र से गायब हुआ बच्चे का शव टूंडला के लाइनपार क्षेत्र के एक मकान के निर्माणाधीन टैंक के अंदर पड़ा मिला। बच्चे की गला रेतकर निर्ममतापूर्वक हत्या की गई थी। शव की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मकान के अंदर पहुंची और वहां छानबीन की। बच्चे के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा गया है। वहीं दो अन्य बच्चों को पुलिस ने बरामद कर मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया, जिससे पूछताछ की जा रही है।
थाना जसराना क्षेत्र के अंतर्गत कुशियारी निवासी बच्चूपुरी तीन दिन पहले अपनी पत्नी मीना देवी का उपचार कराने के लिए टूंडला आए थे। वह नगला इस्माइल निवासी अपने भाई अमर सिंह के बताए हुए वैध के पास गए। जहां रास्ते में अचानक बाइक खराब हो जाने के कारण वह अपने बच्चों को अपने भाई अमर सिंह के पास छोड़कर वापस गांव चले गए।
अगले दिन जब बच्चू ने अपने बच्चों से बात करना चाही तो उनके भाई अमर सिंह का फोन बंद जा रहा था। इसके बाद वह अपने भाई की तलाश में दो दिन तक गांव से लेकर अन्य कई रिश्तेदारों में भी भटकते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। आखिर में बच्चों की मां मीना देवी ने थाना जसराना पुलिस को घटना की तहरीर देते हुए अपने तीनों बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कराई।


