लखनऊ, ( DNM NETWORK):उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज जन भवन, लखनऊ, उत्तर प्रदेश के गांधी सभागार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए 150 युवाओं से संवाद किया। इस अवसर पर राज्यपाल जी ने युवाओं को संबोधित किया तथा उनके सवालों, जिज्ञासाओं और विचारों को सुनते हुए विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
भारत की संस्कृति, एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् मातृभूमि के प्रति हमारे कर्तव्यों और समर्पण का निरंतर स्मरण कराता है। इसी राष्ट्रभावना को आत्मसात करते हुए युवा भारत, उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक श्री गोपेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में 25 नवंबर से 01 दिसंबर 2026 तक लखनऊ में सात दिवसीय वन्दे मातरम् कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में असम, कर्नाटक, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ राज्यों से प्रत्येक से 25-25 युवा प्रतिभागी, कुल 150 युवा सहभागिता कर रहे हैं।
असम की प्रतिभागी भानुवाती ने प्रश्न किया कि असम और उत्तर प्रदेश की संस्कृति, रंग और परंपराएं एक-दूसरे से अलग हैं, ऐसे में दोनों राज्यों को एक सूत्र में कैसे देखा जा सकता है? इस पर राज्यपाल जी ने कहा कि पर्यटन और आपसी सांस्कृतिक आदान-प्रदान विविधताओं को जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। जब हम दूसरे राज्य में जाते हैं तो वहां की संस्कृति, रहन-सहन, खानपान और वातावरण को देखते-समझते हैं तथा उनसे सीख लेकर अपने जीवन में अपनाते हैं।
उन्होंने जन भवन का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां गुजरात का गरबा सिखाया जाता है और नवरात्रि के नौ दिनों तक अधिकारी एवं कर्मचारी गरबा करते हैं। यहां गुजराती खानपान भी तैयार किया जाता है। जन भवन में स्थापित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को भी गरबा सिखाया जाता है। इस प्रकार उत्तर प्रदेश में रहते हुए भी दूसरे राज्यों की संस्कृति को सीखने और अपनाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार सभी राज्यों के स्थापना दिवस मनाए जाते हैं। उत्तर प्रदेश में जन भवन और विश्वविद्यालयों में भी विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस आयोजित किए जाते हैं, जिनमें संबंधित राज्यों की संस्कृति, पहनावा, खानपान और परंपराओं को प्रदर्शित किया जाता है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे की सांस्कृतिक विशेषताओं को जानना और उनका सम्मान करना ही राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाता है।
असम की प्रतिभागी नीतू ने राज्यपाल जी से पूछा कि उन्हें असम का कौन-सा व्यंजन सबसे अधिक पसंद है और उनके जैसी सफलता प्राप्त करने के लिए युवाओं को क्या करना चाहिए? राज्यपाल जी ने बताया कि उन्होंने देश के लगभग सभी राज्यों का भ्रमण किया है और असम में भी उनका प्रवास रहा है। उन्हें असम का भोजन और वहां का हस्तशिल्प (क्राफ्ट) बहुत पसंद आया।
युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ भी हासिल करने के लिए धरती से जुड़कर काम करना और कठिन परिश्रम करना आवश्यक है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने भी विपरीत परिस्थितियों में अथक परिश्रम करके यह मुकाम हासिल किया है।
अपने जीवन के संघर्षों और अनुभवों को साझा करते हुए राज्यपाल जी ने बताया कि उनका बचपन ग्रामीण परिवेश में बीता। वे छोटी उम्र में सुबह पांच बजे उठकर खेतों में काम करती थीं, पशुओं की सेवा करती थीं और घर के कामों में हाथ बंटाती थीं। विद्यालय जाने के लिए उन्हें प्रतिदिन चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। उस समय गांव में बिजली की सुविधा भी नहीं थी। कक्षा चार तक उन्होंने बालिका विद्यालय में शिक्षा प्राप्त की और कक्षा पांच से ऐसे बालकों के विद्यालय में दाखिला लिया, जहां कोई अन्य लड़की नहीं थी। आठवीं से ग्यारहवीं तक की पढ़ाई के लिए उन्हें आठ किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। विद्यालय से लौटने के बाद वे फिर खेतों में काम करती थीं।
उन्होंने बताया कि आगे की पढ़ाई के दौरान भी उन्हें चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। हजारों विद्यार्थियों के बीच वे अकेली छात्रा थीं, लेकिन उन्होंने कभी परिस्थितियों को अपनी राह की बाधा नहीं बनने दिया। अपने संघर्षपूर्ण सफर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात में वे अकेली महिला मंत्री बनीं और मंत्री रहते हुए श्रेष्ठ एवं उल्लेखनीय कार्य किए। गुजरात में मुख्यमंत्री के रूप में भी उन्होंने पूरी मेहनत और समर्पण से दायित्व निभाया। आज उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के रूप में भी वे निरंतर जनसेवा में जुटी हैं।
राज्यपाल जी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में मेहनत से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। सफलता के लिए लालच और भ्रष्टाचार से दूर रहना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से कहा कि वे महिलाओं और लड़कियों को अपनी मां, बेटी और बहन के समान सम्मान दें।
पंजाब की प्रतिभागी सादिया ने पंजाब के युवाओं को नशे की समस्या से मुक्त करने के उपायों के संबंध में प्रश्न किया। इस पर राज्यपाल जी ने कहा कि सबसे पहले युवाओं को स्वयं विचार करना होगा कि वे अपने जीवन को नशे के कारण क्यों बर्बाद करें। सकारात्मक सोच अपनाकर नशे से दूर रहना और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नशे की मांग समाप्त होगी तो नशीले पदार्थों की बिक्री भी स्वतः प्रभावित होगी। भारत सरकार द्वारा नशामुक्ति के लिए अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को इस अभियान की शुरुआत अपने घर से करनी चाहिए। स्वयं नशे से दूर रहें और यदि परिवार में कोई इसकी गिरफ्त में है तो उसे भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। राज्यपाल जी ने काशी की उन महिलाओं के प्रयासों का उल्लेख किया, जो नशामुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां यदि संकल्प लेकर अपने परिवार में नशामुक्ति का प्रयास करें तो सकारात्मक बदलाव संभव है।
ओडिशा के प्रतिभागी स्वास्तिक ने आधुनिक युग में युवाओं के लिए स्वामी विवेकानंद के किस विचार को प्राथमिकता से अपनाने के संबंध में प्रश्न किया। राज्यपाल जी ने कहा कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद के शिक्षा, संस्कार और अनुशासन संबंधी विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। केवल शिक्षा प्राप्त कर लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वास्तविक अर्थों में शिक्षित और संस्कारित बनना भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर अनुशासित एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने का आह्वान किया। युवाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि आज युवाओं के साथ संवाद करके उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। भारत की विविधता की वास्तविक खूबसूरती तभी देखने को मिलती है, जब हम देश के विभिन्न राज्यों का भ्रमण करते हैं और वहां की संस्कृति, परंपराओं, परिस्थितियों तथा विकास कार्यों को करीब से समझते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं इन सभी राज्यों का भ्रमण किया है। भ्रमण का उद्देश्य केवल घूमना नहीं, बल्कि अपने आसपास की परिस्थितियों को देखना, उनके कारणों को समझना, निरीक्षण करना और उनसे सीखना होना चाहिए।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के कार्यकाल अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दीक्षांत समारोह आयोजित करने की परंपरा विकसित नहीं थी। उन्होंने वहां दीक्षांत समारोह प्रारंभ करवाए। उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। तत्कालीन माननीय मुख्यमंत्री के सहयोग से बच्चों की सुविधा के लिए नजदीक में विद्यालय और छात्रावास बनवाए गए, जिससे बच्चों ने शिक्षा प्राप्त करना शुरू किया।
उन्होंने कहा कि गरीबी और शिक्षा के अभाव से अनेक सामाजिक समस्याएं जन्म लेती हैं। जब सरकार के प्रयासों से गरीबी कम करने और शिक्षा का प्रसार करने की दिशा में काम हुआ, तो नक्सलवाद की समस्या को भी समाप्त करने में मदद मिली। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से आज वहां सकारात्मक बदलाव और खुशहाली दिखाई दे रही है।
संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि आज के दिन युवाओं को यह संकल्प लेना चाहिए कि समाज में किसी प्रकार का शोषण नहीं होना चाहिए, क्योंकि शोषण और वंचना जैसी परिस्थितियां अनेक सामाजिक समस्याओं को जन्म देती हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि शिक्षा प्राप्त करना आपका अधिकार है, लेकिन किसी वंचित परिवार के बच्चे का हाथ पकड़कर उसे शिक्षित बनाना और जीवन में आगे बढ़ने का अवसर देना आपका कर्तव्य है। अपने साथ दूसरों को भी आगे बढ़ाने का प्रयास करें।
पंजाब के संदर्भ में उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में पंजाब के युवाओं और जवानों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उनमें देशप्रेम, समर्पण और अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता की भावना है। देश की सुरक्षा के साथ-साथ कठिन परिस्थितियों में भी राष्ट्र की सेवा करने वाले जवानों का योगदान सदैव स्मरणीय है।
असम का उल्लेख करते हुए राज्यपाल जी ने वहां के प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यावरण और मेहनती लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि असम में वर्षा के बाद बाढ़ जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं, लेकिन वहां के लोग कठिनाइयों से हार नहीं मानते और निरंतर आगे बढ़ते रहते हैं। असम की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने वहां आयोजित विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी जिक्र किया, जिसमें हजारों कलाकारों, विशेषकर महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी थी। इस कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहे और उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखा।
कर्नाटक और विशेष रूप से बेंगलुरु का उल्लेख करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि यह देश का प्रमुख आईटी और तकनीकी केंद्र है। वहां शिक्षा, गुणवत्ता, ज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। वहां के युवा देश-विदेश में अपनी प्रतिभा और पहचान स्थापित कर रहे हैं। अमेरिका जैसे विकसित देश भी भारतीय युवाओं की प्रतिभा और उनके योगदान के महत्व को समझते हैं। युवाओं को कर्नाटक से शिक्षा, तकनीक, शोध और नए अवसरों की दिशा में सीख लेनी चाहिए।
ओडिशा का उल्लेख करते हुए राज्यपाल जी ने वहां के समुद्र तट और जगन्नाथ पुरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनसे जुड़ी सांस्कृतिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ, इसके बाद वे गुजरात की द्वारका पहुंचे और द्वारकाधीश के रूप में प्रतिष्ठित हुए। जगन्नाथ पुरी की परंपरा भी हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने रामायण और रामसेतु का भी उल्लेख करते हुए भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़ाव बनाए रखने का संदेश दिया।
दिल्ली के अपने अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ विकास और राष्ट्रीय गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने युवाओं से कहा कि जाति-पाति और भेदभाव में नहीं पड़ना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम सभी भारतीय हैं। हम देश के किसी भी हिस्से में रहें, हमारी प्राथमिकता सदैव राष्ट्रहित और देश का विकास होना चाहिए।
युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए राज्यपाल जी ने कहा कि केवल सरकारी नौकरी को ही सफलता का एकमात्र माध्यम नहीं मानना चाहिए। युवा स्वयं रोजगार स्थापित करें और दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध कराने वाले बनें। सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से अवसर उपलब्ध करा रही है। युवाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कार्यक्षेत्र का चयन करें, आवश्यक कौशल सीखें और आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ें।
अपने परिवार के उदाहरण के माध्यम से उन्होंने बताया कि परिवार में स्वरोजगार की परंपरा है और रोजगार के अवसर स्वयं विकसित करने के साथ अन्य लोगों को भी काम उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने श्रीमती अनारबेन पटेल द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ग्रामश्री और क्राफ्टरूट्स जैसी पहलों के माध्यम से लगभग अस्सी हजार महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण, आजीविका और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने का कार्य किया गया है। महिलाएं स्वयं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और दूसरी महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का भी यही प्रयास है कि अधिक से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और आर्थिक गतिविधियों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
राज्यपाल जी ने उन आदिवासी महिलाओं के प्रयासों का भी उल्लेख किया, जो जंगलों से विभिन्न प्रकार के बीज एवं वन उत्पाद एकत्रित करती थीं और उपयुक्त मौसम एवं सीजन आने पर उन्हें किसानों तक पहुंचाती थीं। उनके पारंपरिक ज्ञान, परिश्रम और आजीविका के प्रयासों को पहचान मिली तथा उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी सम्मानित किया गया। उन्होंने युवाओं से कहा कि ऐसे उदाहरणों से प्रेरणा लें। अपनी सोच विकसित करें, अपनी रुचि के अनुसार कार्यक्षेत्र चुनें और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करके नए अवसर तैयार करें।
राज्यपाल जी ने आंगनबाड़ी केंद्रों को देश के भविष्य और बच्चों के समग्र विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही स्वास्थ्य, शिक्षा, योग और संस्कारों से जोड़ना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से आज प्रदेश के विभिन्न मेडिकल संस्थानों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी मेडिकल संस्थानों ने आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने के लिए सहमति व्यक्त की है। इन संस्थानों के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, शिक्षा, योग तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा।
राज्यपाल जी ने युवाओं का आह्वान किया कि वे केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को भी समझें। समाज के लिए काम करें, देश के लिए काम करें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। विभिन्न राज्यों में जाकर वहां की अच्छी परंपराओं, कार्यप्रणालियों और नवाचारों को समझें तथा उनसे सीखकर अपने प्रदेश और समाज में लागू करें।
उन्होंने कहा कि युवाओं के कंधों पर विकसित भारत के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए निरंतर प्रयास, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। नकारात्मक विचारों और नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों से दूर रहते हुए अपने लक्ष्य की दिशा में काम करना चाहिए। दूसरों के अधिकारों का सम्मान करते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें। अपना फर्ज निभाइए, अधिकार स्वयं मिल जाएंगे।
विभिन्न राज्यों से आए युवाओं और राज्यपाल जी के बीच हुआ यह सीधा संवाद केवल प्रश्नों और उत्तरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें अनुभवों, विचारों और जीवन मूल्यों का आदान-प्रदान भी हुआ। संवाद ने यह संदेश दिया कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता, सांस्कृतिक विरासत और युवा ऊर्जा में निहित है। जब देश का नेतृत्व युवाओं के विचारों को सुनता है और युवा नेतृत्व के अनुभवों एवं मार्गदर्शन से सीखते हैं, तब विकसित भारत का संकल्प और अधिक सशक्त होता है।




