मुख्यमंत्री जी आज यहां स्वाधीनता संग्राम सेनानी अमर शहीद स्व0 श्री गुलाब सिंह लोधी के बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने स्वामी विवेकानन्द जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शहीद गुलाब सिंह लोधी का जन्म वर्ष 1903 में उन्नाव के एक साधारण किसान परिवार में हुआ। उन्होंने देश की आजादी के आन्दोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लखनऊ आकर देश की स्वाधीनता के लिए स्वयं का बलिदान किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 23 अगस्त, 1935 को ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती देते हुए अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी ने मात्र 32 वर्ष की उम्र में भारत की आजादी के लिए स्वाधीनता के प्रतीक तिरंगा को इसी पार्क में लहराने का कार्य किया था। कायर ब्रिटिशर्स ने गुलाब सिंह लोधी के इस पराक्रम पर उन्हें गोलियों से भून दिया था। गुलाब सिंह लोधी बलिदान होते हुए भी भारत की स्वाधीनता का एक स्वर्ण पृष्ठ आने वाली पीढ़ी के लिए छोड़ गए। परिणामस्वरुप मात्र 12 वर्ष पश्चात देश ब्रिटिश हुकूमत की दासता से मुक्त होकर स्वाधीन हो गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सभी अमर बलिदानियों के पुण्य स्मरण को जीवन्त बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की स्मृतियों को जीवन्त बनाए रखने के लिए सरकार ने जनपद उन्नाव में पार्क, स्वास्थ्य केन्द्र और पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र का नामकरण उनके नाम पर करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। भारत की आजादी के लिए वर्ष 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर में स्वयं को बलिदान करने वाली वीरांगना अवन्तीबाई लोधी के नाम पर अलीगढ़ में स्टेडियम और बदायूँ में पी0ए0सी0 की नई महिला बटालियन का नामकरण किया गया है। इसी प्रकार लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी तथा गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर पी0ए0सी0 की महिला बटालियन और औरैया में नए मेडिकल कॉलेज का नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर किया गया है। इन सभी ने भारत की स्वाधीनता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि महान क्रान्तिकारियों और वीर सपूतां की स्मृतियों को जीवन्त बनाए रखने के लिए राज्य सरकार उनके स्मारक बनाने के कार्यक्रम को निरन्तरता प्रदान करेगी। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए हाल ही में प्रदेश सरकार ने लगभग 500 करोड़ रुपये उन सभी सामाजिक न्याय के योद्धाओं के सम्मान में स्वीकृत किए हैं, जिन्होंने सामाजिक न्याय और भारत की स्वाधीनता के लिए पूरा जीवन समर्पित किया था। उन सभी महापुरुषों को सम्मान देते हुए बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर, सद्गुरु रविदास जी महाराज, महर्षि वाल्मीकि सहित अन्य महापुरुषों की मूर्तियों पर छाजन लगाने, पार्क का नव निर्माण करने और उन्हें सुरक्षित करवाने के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। यह क्रम महापुरुषों के प्रति श्रद्धा और सम्मान के साथ निरन्तर आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक, सांसद श्री बृजलाल, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



