Breaking उत्तर प्रदेश गोरखपुर

मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में पिपराइच विधान सभा क्षेत्र की 757 करोड़ रु0 से अधिक लागत की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार विकास और विरासत के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है। आज विकास एवं मंदिरों के सौन्दर्यीकरण के प्रस्तावों पर भी कार्य हो रहा है। कनेक्टिविटी के कार्य भी हो रहे हैं। आमजन को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। दिव्यांगजन, निराश्रित महिला तथा वृद्धजन को पेंशन प्राप्त हो रही है। गरीबों को निःशुल्क राशन, 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर तथा उज्ज्वला योजना का कनेक्शन भी प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गोरखपुर में पिपराइच विधान सभा क्षेत्र की 757 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, चाभी, प्रमाण-पत्र तथा कृषि यंत्र प्रदान किए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर में तीव्र गति से विकास कार्य हो रहे हैं। यह विकास कार्य भटहट एवं चरगावां विकास खण्ड से सम्बन्धित हैं। बांस स्थान से भटहट मार्ग 4-लेन का बन चुका है। अब गोरखपुर से भटहट की दूरी मात्र 15 मिनट में तय की जा सकती है। यहां फ्लाईओवर, रेलवे ओवर ब्रिज के साथ ही 02 विश्वविद्यालयों का निर्माण किया गया है। यहां पर अन्य संस्थानों का भी निर्माण किया जाएगा। इसके माध्यम से रोजगार तथा लोगों की आमदनी में वृद्धि होगी। कनेक्टिविटी अच्छी होने पर प्रगति भी तीव्र होगी। प्रगति अच्छी होने पर व्यक्ति, समाज तथा देश की समृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज यहां बावन स्थान मंदिर विकसित हो चुका है। लोग यहां पर पूरी श्रद्धा से दर्शन करने आते हैं। विकास ही हमारे वर्तमान और भविष्य को उज्ज्वल बनाता है। वर्ष 2017 से पहले यहां इंसेफेलाइटिस की बीमारी थी। लोग यहां से पलायन करते थे। यहां शासन की योजनाओं का लाभ गरीबों व महिलाओं को नहीं मिलता था। नौजवानों को नौकरी नहीं मिल पाती थी। आज सभी को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। विकास कार्य हो रहे हैं। बीमारी का इलाज हो रहा है। भटहट ब्लॉक में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है। बी0आर0डी0 मेडिकल कॉलेज का उन्नयन हुआ है। गोरखपुर में एम्स का निर्माण हुआ है। यहां के फर्टिलाइजर कारखाने का पुनरुद्धार हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यहां 4 लेन की सड़कें बनी हैं। पहले गोरखपुर में पिपराइच का यह क्षेत्र काफी पिछड़ा माना जाता था। 4 लेन की कनेक्टिविटी इस क्षेत्र की सबसे बड़ी आवश्यकता थी। आज यह आवश्यकता पूर्ण हुई है। इस क्षेत्र में 4 लेन के अन्य मार्गों के निर्माण कार्य को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। अब यह क्षेत्र विकास का स्वर्ग बनेगा। यहां रोजगार की सम्भावनाएं बनेंगी। विकास की योजनाएं आएंगी और विकास तेज गति से आगे बढ़ेगा। आज यहां पर कनेक्टिविटी, बिजली व अन्य सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। बालापार-टिकरिया मार्ग का निर्माण हो रहा है। जंगल कौड़िया से लेकर कोनी तक 4 लेन सड़क का निर्माण हो रहा है।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने बामन्त माता मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
कार्यक्रम को सांसद श्री रवि किशन शुक्ल ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी, गोरखपुर के महापौर डॉ0 मंगलेश श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, विधायक श्री बिपिन सिंह, श्री श्रीराम चौहान, श्री फतेह बहादुर सिंह, श्री महेन्द्र पाल सिंह, श्री प्रदीप शुक्ला, इं0 सरवन निषाद, श्री राजेश त्रिपाठी, श्री विमलेश पासवान तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।