Breaking उत्तर प्रदेश नई दिल्ली लखनऊ

Lucknow : कांग्रेस का यूपी प्रभारी बनाए जाने के बाद राजेंद्र पाल गौतम आज पहुंचेंगे लखनऊ

यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम दिल्ली से सड़क मार्ग से लखनऊ पहुंचेंगे। राजेंद्र गुरुवार को पदभार ग्रहण करेंगे। पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रभारी बनाए जाने के बाद राजेंद्र गौतम बुधवार को पहली बार लखनऊ पहुंच रहे हैं। इस पूरे कार्यक्रम को उन्हें व्यापक जनसंपर्क में बदला है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली से आते हुए वह मथुरा कट के पास मथुरा की जिला व शहर इकाई के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह आगरा, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर और उन्नाव में अलग-अलग जगहों पर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। इस दौरान उनका व्यापक स्वागत भी किया जाएगा। कानपुर के बाद वह लखनऊ पहुंचेंगे, जहां वीरांगना अवंती बाई लोधी, सरदार पटेल, महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। राजेंद्र के अंबेडकर महासभा भी जाने का कार्यक्रम है। गुरुवार को पदभार ग्रहण करने के साथ ही राजेंद्र विधानसभा चुनाव को लेकर अलग-अलग बैठकें करेंगे। गुरुवार और शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अलावा यूपी कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी, प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान पदाधिकारियों और जिला शहर अध्यक्षों के साथ बैठकें करेंगे। दो दिन की बैठकों के बाद शनिवार को वह वाराणसी पहुंचकर संत रविदास के मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।