उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आध्यात्मिक नगरी दतिया पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ में मां बगलामुखी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण के लिए प्रार्थना करते हुए देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

विशेष विमान से दतिया एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किया। एयरपोर्ट से सीधे उनका काफिला पीताम्बरा पीठ पहुंचा, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
मां बगलामुखी के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाभारत काल से जुड़े ऐतिहासिक वानखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने प्रदेश और देश की उन्नति तथा नागरिकों के कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे मार्ग और मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दर्शन एवं पूजन के उपरांत योगी आदित्यनाथ अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत ललितपुर के लिए रवाना हो गए।
धार्मिक आस्था और जनकल्याण का संदेश लेकर दतिया पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।



