अयोध्या ( DNM NETWORK): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन भी शामिल है। इस बीच राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर चल रहे विवादों के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को मुख्यमंत्री के मंदिर कार्यक्रम से दूर रखने की चर्चा तेज हो गई है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल संबंधी निर्देशों के बिंदु संख्या 29 में चंपत राय से अनुरोध किया गया है कि मुख्यमंत्री के राम मंदिर दर्शन-पूजन कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए वह किसी अन्य व्यक्ति को अपना प्रतिनिधि नामित करें तथा इसकी सूचना ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सीयूजी नंबर पर उपलब्ध कराएं।
सूत्रों के अनुसार, यह निर्देश ऐसे समय में आया है जब राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर विवाद और जांच का मामला चर्चा में है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इसे महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, चंपत राय के समर्थन में दी गई सफाइयों का भी फिलहाल कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।
हालांकि, प्रशासन या ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है कि यह निर्णय किस कारण से लिया गया। लेकिन सुरक्षा प्रोटोकॉल में प्रतिनिधि नामित करने के निर्देश ने चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे और राम मंदिर कार्यक्रम पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।



