अमरोहा (राजू -स्टेट हेड): भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और अमरोहा विधानसभा क्षेत्र के गांव सहसपुर अलीनगर निवासी मोहम्मद शमी की राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद अमरोहा की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि क्रिकेटर मोहम्मद शमी 2027 के विधानसभा चुनाव में अमरोहा सीट से रालोद के संभावित चेहरे के तौर पर मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि, शमी के चुनाव लड़ने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। इससे पहले मोहम्मद शमी की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकातें भी चर्चा में रही हैं। ऐसे में जयंत चौधरी से हुई ताजा मुलाकात ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है। अमरोहा विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के महबूब अली का लंबे समय से प्रभाव रहा है। विधानसभा रिकॉर्ड के अनुसार वह पांच बार से लगातार महबूब अली विधायक रह चुके हैं। 2022 में भी उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी। ऐसे में यदि भविष्य में भाजपा-रालोद गठबंधन अमरोहा सीट पर क्रिकेटर मोहम्मद शमी को मैदान में उतारता है, तो मुकाबले को लेकर राजनीतिक हलकों में दिलचस्पी बढ़ना स्वाभाविक है।




