आज देशभर में धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है. सीएम योगी आदित्यनाथ कल ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि यानी मथुरा में पहुंच गए थे. आज उन्होंने पूजा-अर्चना की. उसके बाद ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि को संवारने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे. भारत पर कई आक्रमण हुए, लेकिन सनातन की आस्था को कोई मिटा नहीं पाया. जिन्होंने भी कोशिश की, वे मिट्टी में मिल गए. आज उनका नाम लेने वाला कोई नहीं है.
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में रोज 1 लाख भक्त आते हैं. रामनवमी पर तो यह संख्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है, जबकि दिवाली जैसे पर्व पर 5 लाख तक पहुंचती है. इसके बावजूद कोई असुविधा नहीं होती. अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन गया है. चारों तरफ फोर लेन सड़कें हैं. रेलवे की डबल लाइन हो गई है. अयोध्या धाम का भव्य स्वरूप दिखाई दे रहा है.उन्होंने पुरानी बातों को याद कर कहा कि आज से 500 साल पहले 1528 में विदेशी आक्रांता ने हमारी आस्था को खत्म करने का प्रयास किया. जो लोग मानते थे कि हम अविजित हैं, आज उन आक्रांताओं को आप ढूंढने से भी नहीं पाएंगे. सब समाप्त हो गए. अयोध्या में मंदिर बन गया. जिन्हें यह सब अच्छा नहीं लगता, वे अयोध्या को बदनाम कर रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि कंस योग माया का दर्शन कर रहा था. ठीक उसी समय योगमाया प्रकट हुईं. उन्होंने कंस के अहंकार को चुनौती दी थी. वही योगमाया विंध्यवासिनी में प्रकट हुई थीं. मैं जब भी यहां आता था, मुझे विंध्यवासिनी धाम याद आता था. विंध्यवासिनी में हमारी आस्था ने वहां भव्य परिसर बनवा दिया.बता दें, आज रात 12 बजे कान्हा का जन्म होगा. इससे पहले, 11:55 बजे 5 मिनट के लिए पट बंद रहेंगे. गर्भगृह में पर्दे के पीछे कान्हा को पंचरत्नी पीतांबरी पोशाक पहनाई जाएगी. रत्न-जड़ित मुकुट और आभूषणों से श्रृंगार होगा. जन्म के बाद पर्दा खुलेगा और आरती होगी. इसके बाद प्रतिमा गर्भगृह से बाहर लाई जाएगी, जहां भक्त दर्शन करेंगे. सोने से सजी चांदी की कामधेनु के दूध से अभिषेक होगा. फिर भगवान को चांदी के कमल पर बिठाकर पंचामृत स्नान कराया जाएगा. 12:45 बजे प्रतिमा गर्भगृह में रखकर शयन आरती होगी और कपाट बंद कर दिए जाएंगे.


