Breaking

Ballia : बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन,2012 से लगातार तीन बार रसड़ा से विधायक रहे उमाशंकर

बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार देर रात नई दिल्ली में निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे और लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन से बलिया ही नहीं, पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई।
उमाशंकर सिंह का जन्म 2 जनवरी 1971 को बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के खनवर गांव में हुआ था। उन्होंने बलिया के सतीश चंद्र कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की और छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय हो गए। वर्ष 1990-91 में वह छात्रसंघ के महामंत्री चुने गए और वर्ष 2000 में जिला पंचायत सदस्य बने।
वर्ष 2012 में उन्होंने पहली बार बसपा के टिकट पर रसड़ा विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 2017 और 2022 में भी लगातार जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में वह पूरे उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौते विजयी विधायक बने। बाद में उन्हें बसपा विधानमंडल दल का नेता भी बनाया गया।
राजनीति के साथ-साथ वह एक सफल ठेकेदार और व्यवसायी भी थे। क्षेत्र में उनकी पहचान गरीबों के मसीहा और ‘रॉबिनहुड’ के रूप में थी। आम लोगों की मदद और जनहित के कार्यों के कारण वह सभी वर्गों में लोकप्रिय थे।