Breaking गौंडा

Gonda : पुलिस लाइन में HPV टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, एसपी ने बालिकाओं के निःशुल्क टीकाकरण पर दिया जोर..

गोण्डा ( वीरेन्द्र कुमार ,संवाददाता ): वामा सारथी के तत्वावधान में पुलिस लाइन सभागार में HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल ने प्रतिभाग कर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों को संबोधित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए निःशुल्क HPV टीकाकरण के प्रति जागरूक करना था अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि HPV वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण कराकर इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी पात्र बालिकाओं का समय से निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके महत्व के बारे में जागरूक करें कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने HPV संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर के कारणों, इसके लक्षणों, बचाव के उपायों तथा टीकाकरण की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।